योग को बनायें जीवनशैली का हिस्सा – Update Times

‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ थीम पर पौड़ी जिले में होंगे विशेष आयोजन

पौड़ी  21 जून को मनाया जाने वाला 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम के साथ जनमानस को स्वस्थ जीवन की ओर प्रेरित करेगा। पौड़ी जिले में इस अवसर पर व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिये 01 मई से ग्राम स्तर पर योग सत्रों की शुरुआत की गयी थी, वहीं 15 मई से ब्लॉक स्तर पर भी नियमित योग कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं।

जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न स्थलों पर योग सत्रों के आयोजन की रूपरेखा तैयार की गयी है। जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि योग कार्यक्रम जिला कारागार, पुलिस लाइन, एसएसबी श्रीनगर, इंजीनियरिंग कॉलेज घुडदौड़ी, मेडिकल कॉलेज श्रीनगर व नर्सिंग कॉलेज डोभ श्रीकोट के अलावा ग्राम स्तर व ब्लॉक स्तर पर आयोजित किये जा रहे हैं। इसके अलावा 21 जून को पांच प्रमुख स्थलों पर वृहद स्तर पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किये जाएंगे, जिनमें आम जनता, अधिकारीगण, छात्र और स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। 21 जून को विधानसभा यमकेश्वर के वेद निकेतन, पौड़ी शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह स्टेडियम (रांसी), श्रीनगर शारदा घाट, चौबट्टाखाल रा०इ० का० सतपुली व कोटद्वार के टी०सी०जी० इण्टर कॉलेज कोटद्वार में योग कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि योग न केवल हमारी प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, बल्कि आज के तनावपूर्ण जीवन में मानसिक और शारीरिक संतुलन का प्रमुख माध्यम भी है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पौड़ी जिले में हर स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे इस आयोजन में सक्रिय भागीदारी करें और योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनायें।

news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *