60 वर्षीय राजमिस्त्री की दिनदहाड़े कुछ लोगों ने ईंट से सिर पर वार कर दी हत्या

दिल्ली के प्रेम नगर में एक सनसनीखेज घटना में 60 वर्षीय राजमिस्त्री की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। परिजनों ने लूट का आरोप लगाया है जिसमें 50 हजार रुपये गायब बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के बेटे ने बताया कि वह अपने पिता के लिए खाना लेकर गया था जिसके बाद यह घटना हुई।

प्रेम नगर थाना क्षेत्र के अगर नगर ई-ब्लॉक में शुक्रवार को दिनदहाड़े कुछ लोगों ने 60 वर्षीय राजमिस्त्री की ईंट से सिर पर वार कर हत्या कर दी। हत्यारों ने राजमिस्त्री के निर्माणाधीन मकान के अंदर इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि लूट के इरादे से हत्या की गई। हत्यारे निर्माण सामग्री के भुगतान के लिए रखे 50 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि उसे कुर्सी से बांधकर सिर पर ईंट व अन्य चीजों से वार कर हत्या की गई। मृतक के परिजन आरोपियों को जानते हैं।

अपुष्ट तथ्यों के साथ कहा जा रहा है कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस को इस घटना की जानकारी शुक्रवार शाम 4:49 बजे मिली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फोन करने वाले ने प्रेमनगर थाने को सूचना दी कि 3-4 लड़कों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी है और उसके पैसे छीन लिए हैं। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

कुर्सी पर लहूलुहान मिले व्यक्ति की पहचान प्रेम नगर-3 (किराड़ी) निवासी लाल बाबू पासवान के रूप में हुई। लाल बाबू पासवान के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें थीं और काफी खून बह रहा था। उन्हें तुरंत इलाज के लिए पीसीआर वैन से संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया।

लाल बाबू पासवान को मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना के बाद क्राइम सीन टीम, एफएसएल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के बेटे विकास ने बताया कि दोपहर करीब पौने दो बजे वह अपने पिता के लिए खाना लेकर गया था। 

खाना खाने के बाद उन दोनों (पिता-पुत्र) के अलावा तीन और लोग बैठे थे। कुछ देर बाद दो लोग चले गए। विकास ने बताया कि इस दौरान वह खुद भी चला गया।

जाते समय उक्त व्यक्ति पिता के साथ मौजूद था। डेढ़ घंटे बाद जब वह लौटा तो घर का दरवाजा बंद था। अंदर जाकर देखा तो पिता खून से लथपथ कुर्सी पर बैठे थे। उनके सिर और चेहरे पर ईंट और किसी अन्य चीज से वार किए गए थे। विकास ने बताया कि वे 25 साल से यहां रह रहे हैं।

उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। मृतक की बहन संभा देवी ने बताया कि उसके भाई को तौलिया से कुर्सी से बांधकर मारा गया। संभा देवी ने बताया कि
मारपीट करने के बाद उसके पास मौजूद 50 हजार रुपये लूट लिए। यह रुपये एक निर्माण सामग्री व्यापारी को देने थे। उसने घटना से कुछ देर पहले अपने भाई और भतीजे के साथ मौजूद तीन लोगों पर शक जताया है। ये तीनों लोग अक्सर उसके भाई से मिलने आते थे।

मृतक लाल बाबू पासवान की बहन ने बताया कि उसका भाई अपने बेटे की शादी की तैयारियों में व्यस्त था। शादी से पहले वह मकान बनवा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।

news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *